Hindi Essay, Paragraph, Speech on “Christmas Ka Tyohar”, “क्रिसमस का त्योहार” Complete Essay for Class 9, 10, 12 Students.
क्रिसमस का त्योहार
Christmas Ka Tyohar
क्रिसमस 25 दिसंबर को मनाया जाता है। यह ईसाइयों का सबसे बड़ा त्योहार है। इसे ‘बड़ा दिन’ भी कहते हैं। इस दिन प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन मनाया जाता है।
ईसा मसीह का जन्म येरूशलम के पास बेथलहम नाम के छोटे-से ग्राम में हुआ था। लगभग 30 वर्ष तक अपने पिता के साथ बढ़ई का काम करके जीवनयापन करते थे। लेकिन 31 वर्ष की अवस्था में इन्हें ईश्वरीय प्रेरणा मिली। इन्होंने घर छोड़ दिया। गाँव-गाँव घूमकर लोगों को सदाचार का उपदेश देने लगे और ईसाई धर्म चलाया।
उन्होंने कहा तुम शत्रुओं से भी प्रेम करो। तुम उनकी भी भलाई करो, जो तुम से घृणा करते हैं। उनको आशीर्वाद दो जो तुम्हें शाप देते हैं। उनके मंगल के लिए प्रार्थना करो जो तुमसे द्वेष करते हैं। यदि कोई तुम्हारे एक गाल पर तमाचा मारे तो तुम अपना दूसरा गाल भी उसकी ओर कर दो। ये उपदेश हैं, ईसाई धर्म को चलाने वाले ईसा मसीह के जिनकी पुण्य स्मृति में ईसाई धर्म चल रहा है और जिनका जन्मदिवस प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।
25 दिसंबर को ईसाई लोग गिरजाघर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाते हैं। एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। मित्रों को शुभेच्छा एवं बधाई पत्र लिखते हैं। बंधु-बांधवों को केक खिलाते हैं।
उस दिन रंग-बिरंगे गुब्बारों और खिलौनों से हरे-भरे पेड़ को सजाया जाता है। कोई ‘सांताक्लॉज’ बनकर बच्चों को उपहार बाँटता है। उसकी बरफ़ की-सी सफेद दाढ़ी और लाल चोगा देखकर बच्चे खुश होते हैं और तालियाँ बजाते हैं। यह पर्व ईसाइयों के लिए आनंद और उल्लास का दिन होता है।
आजकल इस त्योहार को सभी मनाते हैं। लोग पिकनिक करने जाते हैं और यात्रा का आनंद लेते हैं।