Hindi Essay-Paragraph on “Adhunik yug mein Computer ki Bhumika” “आधुनिक युग में कम्प्यूटर की भूमिका” 700 words Complete Essay for Students.
आधुनिक युग में कम्प्यूटर की भूमिका
Adhunik yug mein Computer ki Bhumika
विज्ञान ने अब तक जितने भी उपकरण मानव को उपलब्ध कराए हैं, उनमें सबसे उपयोगी और महत्त्वपूर्ण कम्प्यूटर है। कम्प्यूटर की उपयोगिता आज इतनी बढ़ गई है कि उससे पलभर की पूरी हमारे जीवन में रिक्तता भर देती है। कम्प्यूटर को मानव मस्तिष्क की संज्ञा दी जा सकती है। जिसमें गणित संबंधी सूत्रों तथा तथ्यों के संचालन का कार्यक्रम पहले से समायोजित कर दिया जाता है। इसके आधार पर कम्प्यूटर न्यूनतम समय में गणना कर अपेक्षित तथ्य को प्रस्तुत कर देता है।
कम्प्यूटर जटिल मशीनों का ऐसा समन्वित रूप है, जो गणना के आधार पर अंकों और आंकड़ों का सही विश्लेषण करता है और हमारी जिज्ञासाओं का विश्व स्तरीय उत्तर हमें पल भर में दे देता है। कम्प्यूटर के तीन भाग होते हैं, पहले भाग में संबद्ध आंकड़े भर दिए जाते हैं, दूसरे में अदृश्य मस्तिष्क रहता है, जो आंकड़ों का विश्लेषण करता है और तीसरा भाग निष्कर्ष प्रस्तुत करता है। मुख्यतः इसके तीन कार्य हैं-1. संचयन, 2. विश्लेषण. 3. निर्णय।
पहला भाग उतनी सामग्री का संग्रह कर सकता है, जितनी सामग्री लाखों मनुष्यों का मस्तिष्क संचय नहीं कर सकता। दूसरे भाग की स्मरण शक्ति विलक्षण है। तीसरे भाग की निर्णयात्मक क्षमता चमत्कारिक है।
कम्प्यूटर हमारा पथ-प्रदर्शक मित्र है। हजारों-लाखों मनष्यों के कार्यों को वह चुटकी बजाते करने की क्षमता रखता है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आज एक आवश्यक उपकरण है। इसका मस्तिष्क अति सूक्ष्म और विकसित है। लेकिन इसका मस्तिष्क निर्णय के लिए स्वतंत्र नहीं है, जैसा मनुष्य का मस्तिष्क होता है। कम्प्यूटर मानव के प्रत्येक काम को पलभर में करने का उपकरण है। इसकी उपयोगिता जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में निम्न प्रकार से देखी जा सकती है।
कम्प्यूटर बैंकिंग, प्रकाशन, समाचार प्रेषण, कला, डिजाइनिंग, औद्योगिक क्षेत्र, युद्ध क्षेत्र तथा अन्य क्षेत्रों में हमारे लिए काफी उपयोगी सिद्ध हो चुका है।
बैंकों के कार्यों में जो जटिलता बढ़ती जा रही है इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने बैंकों को कम्प्यूटरीकृत बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। बैंक, रेल और इस तरह के कई अन्य विभागों के अधिकांश कार्य अब कम्प्यूटर से ही संपादित होने लगे हैं।
कम्प्यूटर द्वारा संचालित माध्यम से छपने वाली सामग्री को टंकित कर कम्प्यूटर के पर्दे पर देखा जा सकता है और कम्प्यूटर के द्वारा ही वर्तनी संबंधी अशुद्धियां दूर की जा सकती हैं। दूरसंचार के क्षेत्र में अब कम्प्यूटर की भूमिका महत्त्वपूर्ण हो गई है। अब कम्प्यूटर नेटवर्क के माध्यम से देश के प्रमुख नगरों को एक-दूसरे से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। एक ही समाचार विभिन्न स्थानों से एक साथ छपकर निकल रहे हैं। अब कम्प्यूटर अंकों और अक्षरों को ही प्रकट नहीं करता है, बल्कि इसके माध्यम से भवनों, मोटर गाड़ियों, हवाई जहाजों, कपड़ों की डिजाइनिंग भी कम्प्यूटर स्क्रीन पर तैयार हो रहे हैं। उसके साथ लगे प्रिंटर से प्रिंट तुरंत निकाल लिया जाता है। इस प्रकार कम्प्यूटर एक साथ कलाकार और चित्रकार का भी कार्य कर रहा है।
कम्प्यूटर के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान का रूप ही बदल गया है। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कम्प्यूटर ने क्रांति पैदा कर दी है। इसके माध्यम से अंतरिक्ष के व्यापक चित्र प्राप्त किए जा रहे हैं। इन चित्रों का विश्लेषण कम्प्यूटर के माध्यम से ही हो रहे हैं। आधुनिक वैद्यशालाओं के लिए कम्प्यूटर अत्यंत आवश्यक है।
बड़े-बड़े कारखानों में मशीन कम्प्यूटर से चलाए जा रहे हैं। कम्प्यूटर से जुड़कर रोबोट ऐसी मशीनों का नियंत्रण कर रहा है, जिसका संचालन मानव के लिए भी कठिन है। वस्तुतः कम्प्यूटर के विकास में युद्धों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। अमेरिका में जो पहला कम्प्यूटर बना था, उसका उपयोग एटम बम से संबंधित गणनाओं के लिए हुआ है। अमेरिका की भी स्टार्स वार्स योजना कम्प्यूटर पर आधारित है।
कम्प्यूटर का उपयोग आज मनोरंजन, पत्र-प्रेषण, जन्म-पत्री तैयार करने. विज्ञापन तैयार करने में सब जगह हो रहा है। जीवन का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा है जहां कम्प्यूटर का प्रवेश न हुआ हो। कम्प्यूटर अकेले शिक्षक, ज्योतिषी, डॉक्टर सबका काम करता है। चुनावों के आंकड़े कम्प्यूटर देता है। परीक्षाओं के नतीजे कम्प्यूटर पर ही जारी किए जाते हैं। शेयर बाजार के मूल्य, खरीद-बिक्री से लेकर उतार-चढ़ाव की जानकारी कम्प्यूटर पर ही उपलब्ध है।
कम्प्यूटर हमारे लिए अधिक उपयोगी है, परंतु यह बेकारी समस्या को भी बढ़ाता है। अतः हमें इसके प्रयोग पर सावधानीपूर्वक ध्यान रखना चाहिए।
भारत आज कम्प्यूटर के मामले में अग्रणी देश है। भारत के हजारों कम्प्यूटर इंजीनियर विदेशों में नौकरी प्राप्त कर विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहे हैं। कम्प्यूटर के क्षेत्र में भारत के विकसित होने का यह संकेत मात्र है।