Computer – Aaj Ki Avashyakta “कंप्यूटर -आज की आवश्यकता” Hindi Essay, Paragraph, Speech for Class 10, 12 Examination.
कंप्यूटर -आज की आवश्यकता
Computer – Aaj Ki Avashyakta
भूमिका, कंप्यूटर का अविष्कार, कंप्यूटर के लाभ, कंप्यूटर का प्रयोग, उपसंहार
विज्ञान ने मनुष्य को अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान की हैं। इन सुविधाओं में कंप्यूटर का विशिष्ट स्थान है। कंप्यूटर के प्रयोग से प्रत्येक कार्य को अविलंब किया जा सकता है। यही कारण है कि दिन प्रतिदिन इसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। प्रत्येक उन्नत और प्रगतिशील देश स्वयं को कंप्यूटरमय बना रहा है। भारत में भी कंप्यूटर के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
कंप्यूटर क्या है ? यह जिज्ञासा उत्पन्न होना स्वाभाविक है। कंप्यूटर ऐसे यांत्रिक मस्तिष्कों का रूपात्मक तथा समन्वयात्मक योग तथा गुणात्मक घनत्व है, जो तीव्रतम गति से न्यूनतम समय में अधिक-से-अधिक काम कर सकता है। गणना के क्षेत्र में इसका विशेष महत्त्व है। विज्ञान ने गणितीय गणनाओं के लिए अनेक गणनायंत्रों का आविष्कार किया है पर कंप्यूटर की तुलना किसी से भी संभव नहीं।
चार्ल्स बेवेज ने 19वीं शताब्दी के आरंभ में सबसे पहला कंप्यूटर बनाया था। इस कंप्यूटर की यह विशेषता थी कि यह लंबी-लंबी गणनाओं को करने तथा उन्हें मुद्रित करने की क्षमता रखता था। कंप्यूटर स्वयं ही गणना कर जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान शीघ्र ही कर देता है। कंप्यूटर द्वारा की जाने वाली गणनाओं के लिये एक विशेष भाषा में निर्देश तैयार किये जाते हैं। इन निर्देशों और प्रयोगों को ‘कंप्यूटर प्रोग्राम’ की संज्ञा दी जाती है। कंप्यूटर का परिणाम शुद्ध होता है। अशुद्ध उत्तर का उत्तरदायित्व कंप्यूटर पर नहीं बल्कि उसके प्रयोक्ता पर होता है। कंप्यूटर के सफल प्रयोग ने अनेक क्षेत्रों में अपनी उपयोगिता सिद्ध की है ।
भारतीय बैंकों तथा अन्य उपक्रमों के खातों का संचालन तथा हिसाब-किताब रखने के लिए कंप्यूटर का प्रयोग हो रहा है। समाचार-पत्रों तथा पुस्तकों के प्रकाशन में भी कंप्यूटर अपनी विशेष भूमिका का निर्वाह कर रहा है। कंप्यूटर से संचालित फोटो कंपोजिंग मशीन के माध्यम से छपने वाली सामग्री को टंकित किया जा सकता है। टंकित होने वाले मैटर को कंप्यूटर के पर्दे पर देखा जा सकता है। कंप्यूटर संचार का भी एक महत्त्वपूर्ण साधन है। ‘कंप्यूटर नेटवर्क’ के माध्यम से देश के प्रमुख नगरों को एक-दूसरे के साथ जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। आधुनिक कंप्यूटर डिज़ाइन तैयार करने में भी सहायक हो रहा है। भवनों, मोटर गाड़ियों, हवाई जहाज़ों आदि के डिज़ाइन तैयार करने में ‘कंप्यूटर ग्राफिक’ का व्यापक प्रयोग हो रहा है। कंप्यूटर में एक कलाकार की भूमिका का निर्वाह करने की भी क्षमता है। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कंप्यूटर ने अपना अद्भुत कमाल दिखाया है। इसके माध्यम से अंतरिक्ष के व्यापक चित्र उतारे जा रहे हैं। इन चित्रों का विश्लेषण भी कंप्यूटर के माध्यम से ही किया जा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र में, युद्ध के क्षेत्र में तथा अन्य अनेक क्षेत्रों में कंप्यूटर का प्रयोग किया जा सकता है। इसका प्रयोग परीक्षा-फल के निर्माण में, अंतरिक्ष यात्रा में, मौसम संबंधी जानकारी में, चिकित्सा में तथा चुनाव में भी किया जा रहा है। इस प्रकार भारत में कंप्यूटर का दिन प्रतिदिन प्रयोग बढ़ता जा रहा है। बंगलौर, हैदराबाद, गुड़गाँव, नोयडा, मोहाली आदि कंप्यूटर क्षेत्र में उन्नति करने वाले प्रमुख स्थल हैं ।






















